कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर एसपी ऑफिस से एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। आमतौर पर ससुराल में बहुओं के उत्पीड़न की खबरें आती हैं, लेकिन यहां कहानी बिल्कुल उलट है। यहां एक मां और उसका बेटा, अपनी ही बहू की प्रताड़ना से तंग आकर न्याय की गुहार लगाने पहुंचे हैं। पति का आरोप है कि उसका रंग ‘काला’ होने के कारण बहू उसे ताने मारती है, मारपीट करती है और लगातार आईफोन और AC की डिमांड करती है। मांग पूरी न होने पर वो आत्महत्या की धमकी देती है और दो बार फांसी लगाने की कोशिश भी कर चुकी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को प्रताड़ना का वीडियो भी सौंपा है।
कानून की चौखट पर न्याय की गुहार लगाता यह परिवार ग्वालियर के गोशपुरा नंबर एक का है। पीड़ित मां अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ एसपी दफ्तर के चक्कर काट रही है। वजह है घर की बहू लतेश माहौर का वो अत्याचार, जिसने पूरे परिवार का जीना दुश्वार कर दिया है। इस प्रताड़ना की सबसे हैरान करने वाली वजह है पति का ‘काला रंग’। जी हां, सिर्फ रंग सांवला होने की वजह से बहू अपने पति को समाज में नीचा दिखाती है, ताने मारती है और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करती है। इतना ही नहीं, बहू की डिमांड भी बेहद हाईटेक है। उसे आईफोन चाहिए, घर में AC चाहिए, जब पति इन महंगे शौक को पूरा नहीं कर पाता, तो बहू उसे दहेज के झूठे केस में फंसाने और खुदकुशी करने की धमकी देती है।
ये भी पढ़ें: IPS की बेटी ने की आत्महत्या: घर पर फांसी लगाकर दी जान, मोबाइल फोन खंगाल रही पुलिस
पीड़ित मां अतर देवी का आरोप है कि बहू के माता-पिता भी उसे भड़काते हैं और कहते हैं कि ससुराल वालों को इतना तंग करो कि वो खुद तलाक दे दें। हद तो तब हो गई जब दो दिन पहले बहू ने दुपट्टे से फांसी लगाने की कोशिश की। डरे-सहमे परिवार ने पहले किलागेट थाने में शिकायत की, लेकिन जब वहां सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूरन उन्हें एसपी ऑफिस की शरण लेनी पड़ी।
ये भी पढ़ें: बंद कमरे में मिला दंपति का शव, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका, FSL की टीम ने लिए सैंपल
इस अजब गजब और गंभीर मामले को देखने के बाद एसपी ऑफिस के आला अधिकारियों ने इसे तुरंत संज्ञान में लिया है। पीड़ित पति की ओर से सौंपे गए कथित प्रताड़ना के वीडियो और शिकायत के आधार पर ग्वालियर थाना पुलिस को निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बहरहाल पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस पारिवारिक विवाद के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है? पति ने जो आरोप लगाए है, उनमे कितनी सच्चाई है।

