गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर अपनी रील्स और विवादों के लिए चर्चा में रहने वाले गुरुग्राम के मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी कटारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई नया विवाद नहीं, बल्कि उनके ही ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से उनकी मौत का किया गया एक फर्जी दावा है। इस झूठी खबर के सामने आते ही इंटरनेट पर सनसनी फैल गई, जिसके बाद खुद बॉबी कटारिया को सामने आकर अपनी सलामती का सबूत देना पड़ा।

RIP पोस्ट देखकर उड़े फैंस के होश, आने लगे फोन

दरअसल, बॉबी कटारिया के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई, जिसमें दावा किया गया कि बॉबी कटारिया की मौत हो चुकी है। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल हो गई। देखते ही देखते 23 लाख से ज्यादा लोगों ने इस पोस्ट को देख लिया। कमेंट सेक्शन में फैंस और जानने वाले ‘रेस्ट इन पीस’ (RIP) लिखने लगे। इस खबर से घबराकर बॉबी के रिश्तेदारों और प्रशंसकों ने उनके परिवार को फोन करना शुरू कर दिया, जिससे हर तरफ हड़कंप मच गया।

हैकर्स की करतूत: ‘मेरा कोई नियंत्रण नहीं’

मामला बढ़ता देख बॉबी कटारिया ने तुरंत अपने एक नए सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो मैसेज जारी किया और स्थिति साफ की। उन्होंने कहा, “जिंदा हूं साहब, अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी ने मेरा पुराना अकाउंट हैक करके यह झूठी जानकारी फैलाई है।”
बॉबी ने खुलासा किया कि जिस पुराने अकाउंट से उनके निधन की फर्जी पोस्ट शेयर की गई थी, उसे कोई दूसरा व्यक्ति हैंडल करता था। जब पोस्ट दिखने के बाद उस व्यक्ति से संपर्क किया गया, तो पता चला कि पुरानी आईडी हैक हो चुकी है और अब उस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है।

हैकर्स को दी सख्त चेतावनी बॉबी

कटारिया और उनकी टीम इस पूरे मामले को लेकर बेहद गंभीर है। बॉबी ने वीडियो में बताया कि हैकर्स ने उनके फैंस के बीच डर, भ्रम और सनसनी फैलाने के लिए उनके नाम से यह फर्जी पोस्ट शेयर की है। फिलहाल उनकी टीम हैक किए गए अकाउंट को रिकवर करने में जुटी है। इसके साथ ही उन्होंने हैकर्स को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वे इस फर्जी पोस्ट को तुरंत डिलीट कर दें, वरना उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m