करनाल। पश्चिमी यमुना नहर में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
नहाने पहुंचे युवकों ने देखी तैरती बॉडी
सुबह के समय कुछ युवक पश्चिमी यमुना नहर पर नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पानी में किसी का शव तैरता हुआ नजर आया। युवकों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय गोताखोर कर्ण को दी। गोताखोर ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर पानी में छलांग लगाई और शव को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष के बीच हो सकती है। गोताखोर के अनुसार युवती के हाथ में काले रंग का धागा बंधा हुआ है। इसके अलावा पेट पर ऑपरेशन के निशान भी दिखाई दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, पहचान के प्रयास
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने किसी पुल से छलांग लगाई थी या फिर शव कहीं और से बहकर यहां तक पहुंचा है। पुलिस ने आसपास के सभी थानों में युवती की फोटो भेज दी है ताकि उसकी पहचान जल्द से जल्द की जा सके। आसपास के इलाकों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


