अनगड़ा (रांची)। जनशताब्दी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
26 अक्टूबर को ट्रेन से रहस्यमय तरीके से हुए थे लापता
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वह ट्रेन की पेंट्री कार की ओर गए थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
देवपालिक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों और साथियों ने आरपीएफ और जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों और साथियों की ओर से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए थे।
तलाश के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू की थी। अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने देवपालिक गुप्ता की जानकारी देने या उन्हें ढूंढने में मदद करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की थी।
बरवादाग की झाड़ियों में मिला शव
मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पहचान के बाद शव देवपालिक गुप्ता का होने की पुष्टि हुई।
फिलहाल पुलिस हत्या और दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही देवपालिक गुप्ता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

