दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में देर रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू राउत, पिता अनिल राउत, निवासी दोयम तेलियाडीह, थाना सारवां, जिला देवघर के रूप में हुई है। सोनू राउत जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के घर खाना बनाने का काम करता था और डाक बंगला परिसर में रहकर अपनी ड्यूटी करता था।

नाश्ता बनाने के बाद कमरे में चला गया था सोनू

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सोनू ने सभी के लिए नाश्ता तैयार किया था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। दोपहर का खाना बनाने के समय जब उसकी तलाश की गई तो वह कहीं नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद जब उसके कमरे को देखा गया तो अंदर उसका शव पड़ा मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों को हत्या का शक, पुलिस जांच में जुटी

युवक की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने सोनू की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस फिलहाल मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। कमरे और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि विधायक के घर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।