बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में शनिवार दोपहर लूट की बड़ी वारदात सामने आई। माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने एटीएम में कैश डालने जा रहे निजी कंपनी के कर्मचारी से 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। हेलमेट पहने बदमाशों ने पहले कर्मचारी को धक्का देकर बाइक से गिराया और फिर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

एक्सिस बैंक से कैश लेकर एटीएम जा रहा था कर्मचारी

पुलिस के अनुसार, चास की रामनगर कॉलोनी निवासी विजय कुमार हिटाची पेमेंट सर्विसेज में काम करते हैं। शनिवार को वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21.40 लाख रुपये लेकर बालीडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में कैश डालने जा रहे थे। वह अकेले बाइक से निकले थे।

इसी दौरान मनसा सिंह गेट के पास पीछे से आए पल्सर सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। विजय कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

पीछे से आए बदमाश, वारदात के बाद हुए फरार

विजय कुमार के मुताबिक, उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि कोई उनका पीछा कर रहा है। अचानक हुए हमले के कारण वह संभल नहीं सके और अपराधी लूट को अंजाम देकर निकल गए।

वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

डीएसपी बोले- इतनी बड़ी रकम अकेले ले जाना जांच का विषय

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंपनीकर्मी इतनी बड़ी रकम अकेले बाइक से लेकर जा रहा था। उसके साथ कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था और न ही पुलिस को इस कैश मूवमेंट की सूचना दी गई थी।

डीएसपी के अनुसार, इतनी बड़ी रकम ले जाते समय सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस कर्मचारी से इस संबंध में पूछताछ कर रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल दोनों अपराधियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिलने वाले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल लूटी गई रकम की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने प्रमुख चुनौती है।