Odiasha Desk, भुवनेश्वर: राजधानी भुवनेश्वर स्थित उत्कल विश्वविद्यालय के परिसर में रविवार देर रात एक हॉस्टल के पास संदिग्ध बम विस्फोट की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। छात्र संघ चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे परिसर में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 11:30 बजे लड़कों के हॉस्टल संख्या-1 के पास तेज आवाज सुनाई दी। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ बदमाशों द्वारा यहां कथित तौर पर क्रूड बम फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी आवाज से हॉस्टल के छात्रों में भारी दहशत फैल गई।
हालांकि, इस धमाके में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। कुछ छात्रों का यह भी कहना है कि यह आवाज पटाखों की हो सकती है, लेकिन पुलिस ने अभी तक विस्फोट के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही भुवनेश्वर के डीसीपी शरवण विवेक एम तुरंत दल-बल के साथ विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और छात्रों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया जाएगा। आगामी छात्र संघ चुनावों के मद्देनजर माहौल को शांत रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के अंदर पुलिस बल की दो प्लाटून तैनात कर दी गई हैं।
उत्कल विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव का माहौल गरमाया हुआ है, और पिछले कुछ दिनों से विभिन्न छात्र संगठनों के बीच सरगर्मी काफी बढ़ गई है। इस बीच इस तरह की सनसनीखेज घटना सामने आने से सामान्य छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का विषय बन गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

