Breaking News: बीकानेर: नोखा क्षेत्र के केडली गांव में मंगलवार सुबह सरकारी स्कूल में खेलते समय तीन छात्राएं वाटर टैंक में गिर गईं. घटना करीब सुबह 11 बजे की है, जब स्कूल परिसर में खेल रही प्रज्ञा (8), भारती और रवीना अचानक टैंक के ऊपर चढ़ गईं. वहां लगी पट्टियां अचानक टूट गईं और तीनों छात्राएं सीधे पानी से भरे टैंक में गिर गईं. टैंक में करीब 15 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे वे बाहर नहीं निकल सकीं.

बचाव अभियान चला, लेकिन नहीं बच सकी जान
आसपास के बच्चों ने तुरंत घटना की सूचना शिक्षकों को दी, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे. ट्रैक्टर और मोटर की मदद से टैंक से पानी बाहर निकाला गया. चार ग्रामीण सीढ़ी लगाकर टैंक में उतरे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को बाहर निकाला गया. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. वे लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. नोखा अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, तब तक शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा. इस बीच, स्थिति को संभालने के लिए जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णी, एसपी कावेन्द्र सिंह और सीओ हिमांशु शर्मा मौके पर पहुंचे.
पढ़ें ये खबरें
- मुरादाबाद की आरएच इंटरनेशनल फैक्ट्री में भीषण आग, 2 KM दूर तक दिखा धुएं का गुबार
- Jharkhand Tiger Alert: गढ़वा के जंगलों में बाघ की दस्तक, पगमार्क मिलने से मचा हड़कंप, कैमरा ट्रैप से निगरानी तेज
- 10 में से 7 नगर निगमों में BJP आगे, अजमेर में 36 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड!
- JDU में हलचल तेज, 18 सितंबर को सभी विधायक पटना तलब, बड़े फैसले के संकेत
- वसुंधरा राजे के गढ़ में ऐसा क्या हुआ? झालावाड़ में कांग्रेस 29, BJP सिर्फ 13 पर


