पानीपत। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वीएलडीए (VLDA) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो बड़ौली गांव में तैनात था। आरोपी पर पशु लोन पास करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, बड़ौली गांव के एक व्यक्ति ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसने पशु लोन के लिए आवेदन किया हुआ है। आरोप है कि वीएलडीए अशोक कुमार लोन पास करवाने की एवज में उससे 7,500 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ACB की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।