दिल्ली में 12 से 13 सितंबर तक 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। भारत मंडपम में होने वाले इस सम्मेलन को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। VVIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ऐसे में आम लोगों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि किस इलाके में जाने के लिए कौन सा रास्ता इस्तेमाल करें और किन सड़कों से बचें? दिल्ली पुलिस ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी साझा की है।
आज शाम 3 से 8 बजे तक इन रास्तों से बचें
भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को होने वाले BRICS समिट 2026 की तैयारियों के तहत आज शाम 3 बजे से रात 8 बजे तक मोटरकेड रिहर्सल की जाएगी। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं और 35 से अधिक मार्गों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया है। ऐसे में दिल्लीवासियों को घर या दफ्तर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर कर लेनी चाहिए, क्योंकि कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है और जाम की स्थिति बन सकती है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इसलिए यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।
इन रास्तों पर जाने से बचें
मोटरकेड रिहर्सल के दौरान दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शाम 3 बजे से रात 8 बजे के बीच इन रास्तों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, टीज जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं।
दिल्ली वालों के लिए एडवाइजरी
अगर आज शाम 3 बजे से रात 8 बजे के बीच घर या दफ्तर से निकल रहे हैं तो नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, इंडिया गेट, लोधी रोड, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, धौला कुआं और भारत मंडपम की तरफ जाने से पहले अपना रूट जरूर चेक कर लें। मोटरकेड रिहर्सल के दौरान इन इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है और कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट किया जा सकता है। इस दौरान मेट्रो बेहतर विकल्प हो सकती है। अगर कार से जाना जरूरी है तो दिल्ली पुलिस की ओर से बताए गए डायवर्टेड रूट का इस्तेमाल करें और घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें। यह ट्रैफिक व्यवस्था आज होने वाली मोटरकेड रिहर्सल के मद्देनजर की जा रही है। दिल्ली में 12 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी राजधानी के कुछ प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन देखने को मिल सकते हैं।
नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के लिए रूट प्लान
12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड और टॉल्सटॉय मार्ग समेत कई इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रित किया जा सकता है। कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले यात्रियों को खासतौर पर पटेल चौक, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड और मंडी हाउस कॉरिडोर पर ट्रैफिक को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। इन मार्गों पर जरूरत के मुताबिक वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।
साउथ दिल्ली से नई दिल्ली आ रहे हैं तो सावधान
साउथ दिल्ली से नई दिल्ली की ओर आने वाले यात्रियों को भी आज शाम ट्रैफिक बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। मथुरा रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, लोधी रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मंडी हाउस के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की संभावना है। खासतौर पर लोधी रोड और मंडी हाउस की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
धौला कुआं और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास प्लान
BRICS प्रतिनिधियों की आवाजाही के मद्देनजर धौला कुआं, मोती बाग फ्लाईओवर और NH-48 कॉरिडोर पर भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इन इलाकों में मोटरकेड की आवाजाही के दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं, गुरुग्राम की तरफ से एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को NH-48 के अलावा उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट जाना है तो क्या करें?
अगर आज आपकी फ्लाइट है और एयरपोर्ट जाना जरूरी है तो सामान्य दिनों के मुकाबले काफी पहले घर से निकलें। दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा समय रखने की सलाह दी है। संभव हो तो सड़क मार्ग के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प हो सकता है। वीवीआईपी मूवमेंट और मोटरकेड के दौरान कुछ सड़कों पर अचानक ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में फ्लाइट मिस होने से बचने के लिए अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।
गुरुग्राम से दिल्ली आने वालों के लिए
गुरुग्राम से दिल्ली और एयरपोर्ट की ओर आने वाले यात्रियों को NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग, महिपालपुर फ्लाईओवर और एयरपोर्ट के आसपास ट्रैफिक की स्थिति देखकर ही निकलने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर वाहन चालक NH-48 और राव तुलाराम मार्ग जैसे वैकल्पिक कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान इन मार्गों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए अतिरिक्त समय लेकर चलना बेहतर होगा।
द्वारका से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए रूट
द्वारका से T-3 या एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल की ओर जाने वाले यात्रियों को सेक्टर-22, द्वारका रोड और UER-2 जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एयरपोर्ट रोड पर जरूरत के मुताबिक कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जा सकता है। इसलिए एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और रास्ते में ट्रैफिक डायवर्जन के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए ये रूट अपनाएं
BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री ISBT कश्मीरी गेट से रिंग रोड, हनुमान मंदिर, एसपी मुखर्जी मार्ग और राजघाट की ओर जाने वाले मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए ISBT कश्मीरी गेट से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, DB Gupt रोड, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्किल के रास्ते विकल्प के तौर पर सुझाए गए हैं।
वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड वाला मार्ग इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा ISBT कश्मीरी गेट से रिंग रोड होते हुए राजघाट की ओर जाने वाला रूट भी विकल्प हो सकता है।
भारत मंडपम जाना है तो क्या करें?
BRICS समिट का मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम और उसके आसपास का इलाका सुरक्षा की दृष्टि से प्रतिबंधित जोन में रहेगा। यहां सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। भैरों मार्ग और मेन वेन्यू के आसपास की कुछ सड़कों पर भी आम ट्रैफिक की अनुमति नहीं होगी। इन मार्गों पर केवल अधिकृत और पास वाले वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। अगर आपको भारत मंडपम या आसपास के इलाके में जाना है तो पहले से वैकल्पिक रास्ते की योजना बना लें। खासतौर पर भैरों मार्ग, मथुरा रोड और रिंग रोड के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन के लिए तैयार रहें। जिन लोगों का काम भारत मंडपम में है, उन्हें निर्धारित पार्किंग और ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था का इस्तेमाल करना होगा। बिना अधिकृत अनुमति के निजी वाहनों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प रहेगा।
मेट्रो रहेगी सबसे बेहतर विकल्प
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है, जबकि सड़क मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जरूरत के मुताबिक कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इसलिए 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में सफर करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें, ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें और जरूरी होने पर अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
कौन से इलाके रहेंगे प्रतिबंधित और नियंत्रित?
प्रोहिबिटेड एरिया:
भारत मंडपम और उसके आसपास का सुरक्षा क्षेत्र।
प्रमुख कंट्रोल्ड रोड:
सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, लोधी रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड और टॉल्सटॉय मार्ग।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



