नई दिल्ली: BRICS समिट के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS देशों की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि BRICS आर्थिक ताकत के मामले में G7 से आगे निकल चुका है।

पुतिन बोले- प्रतिबंधों के बावजूद तेजी से बढ़ रहा रूस

BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि BRICS देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने रूस पर लगाए गए पश्चिमी प्रतिबंधों को गलत बताते हुए कहा कि व्यापार पर प्रतिबंध लगाना किसी भी देश के लिए सही कदम नहीं है।

पुतिन ने दावा किया कि प्रतिबंधों के बावजूद रूसी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर प्रतिस्पर्धा से डरने का आरोप लगाते हुए कहा कि दुनिया की आर्थिक व्यवस्था में बदलाव हो रहा है और BRICS इस परिवर्तन में अहम भूमिका निभा रहा है। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि दुनिया की करीब आधी आबादी BRICS देशों में रहती है। उनके मुताबिक, समूह की बढ़ती आर्थिक क्षमता इसे वैश्विक स्तर पर और प्रभावशाली बना रही है।

पेजेश्कियान ने बताया BRICS की असली ताकत

वहीं, BRICS बिजनेस फोरम के नेताओं के सत्र में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की मौजूदा चुनौतियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दुनिया भू-राजनीतिक अनिश्चितता, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और आर्थिक दबाव के बढ़ते इस्तेमाल जैसे गंभीर संकटों से गुजर रही है।

पेजेश्कियान ने कहा कि BRICS की वास्तविक ताकत केवल उसके सदस्य देशों की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश और संयुक्त वित्तपोषण का मजबूत नेटवर्क तैयार करने में है। उन्होंने जोर दिया कि BRICS को संभावित सहयोग से आगे बढ़कर व्यावहारिक और ठोस आर्थिक सहयोग की दिशा में काम करना होगा।