शरद पाठक, छिंदवाड़ा। एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दुल्हन ने सरेआम अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी। इतना ही नहीं, उसने सबके सामने प्रेमी को गले भी लगा लिया। वहीं स्टेज पर खड़ा दूल्हा हाथ में माला लिए हुए यह सब देखकर गुस्से का घूंट पी रहा था। अंत में दूल्हे ने शादी तोड़ दी और बारात लेकर वापस लौट गया।
दूल्हे के बजाय प्रेमी को पहनाई वरमाला
पूरा मामला 27-28 अप्रैल की रात उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव का बताया जा रहा है। बारात के पहुंचने पर दोनों परिवारों ने पारंपरिक रस्में निभाईं। दूल्हे का स्वागत किया गया और जयमाला की तैयारी शुरू हुई। इसी दौरान दुल्हन मंच पर पहुंची और दूल्हे को माला पहनाने के बजाय पास में खड़े अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। इतना ही नहीं, उसने सबके सामने प्रेमी को गले लगा लिया।
गुस्साए लोगों ने कर दी प्रेमी की पिटाई
यह दृश्य देखकर समारोह में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। कुछ ही क्षणों में माहौल बदल गया और गुस्साए लोगों ने प्रेमी की पिटाई कर दी। घटना के बाद दूल्हे ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अपने साथ लाए उपहार वापस लेकर बारात सहित बिना दुल्हन के घर लौट गया।
बेटी के रिश्ते से नाराज था परिवार
बताया जा रहा है कि युवती ने पहले भी अपने परिवार को प्रेम संबंध के बारे में बताया था और प्रेमी से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों ने उसकी बात को नजरअंदाज कर दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। परिवार के दबाव में युवती ने शादी के लिए हामी तो भर दी, लेकिन जयमाला के समय उसने अपने मन की कर दी।
दुल्हन के परिवार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दूल्हे के परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिवार ने सच्चाई छिपाकर रिश्ता तय किया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। परिवार अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

