इदरीश मोहम्मद पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक मार्मिक खबर सामने आई है। जहां एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में चीख-पुकार में बदल गई। पवई-जगदीशपुर मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दुल्हन के फूफा और चाचा की दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कल तक बेटी की विदाई के मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां आज एक साथ दो अर्थियां उठने से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

ये भी पढ़ें : साहब! पुल तो बना दिया, सड़क बनाना भूल गए? सिंगरौली में 4 साल से ‘शोपीस’ बना करोड़ों का पुल

खुशियों के बीच पसरा सन्नाटा

जानकारी के अनुसार टेढ़ी मंझौली निवासी मोना आदिवासी की शादी आगामी 8 मई को होनी तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। बुधवार को परिवार के सदस्य ऑटो से ‘लगुन’ चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पवई-जगदीशपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके ऑटो को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि ऑटो के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उपचार के दौरान दुल्हन के फूफा संतु आदिवासी और चाचा खेतईया आदिवासी ने दम तोड़ दिया। एक अन्य चाचा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें : खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, पति की मौत, ढाई साल की बच्ची और सास भी झुलसी

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m