अजय सैनी, भिवानी। पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह के भिवानी और चरखी दादरी जिलों के दौरे से क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बृजेंद्र सिंह ने एक दिन में आधा दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों, किसान नेताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान हुई बैठकों और संपर्कों को क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरणों की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

कई नेताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से मुलाकात

बृजेंद्र सिंह के दौरे के दौरान द्रोणाचार्य और अर्जुन अवॉर्डी तथा इराक कबड्डी टीम के कोच हसन कुमार का उनके साथ रहना चर्चा में रहा। किसान नेता अजीत द जेवली के आवास पर जलपान के दौरान क्षेत्र के मुद्दों और आगे की रणनीति पर बातचीत हुई।

सूत्रों के मुताबिक, बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके एक प्रमुख नेता ने भी बृजेंद्र सिंह से बंद कमरे में मुलाकात की। सूत्रों का दावा है कि यह नेता जल्द ही एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में बृजेंद्र सिंह के साथ राजनीतिक मंच साझा कर सकते हैं।

दादरी क्षेत्र में समाजसेवी ढानी फोगाट, बनी सिंह परिवार और रज्जू अहलावत समेत कई गणमान्य लोगों ने बृजेंद्र सिंह का स्वागत किया।

बोले बृजेंद्र समाज को जोड़ना राजनीति का उद्देश्य

दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जातियों और वर्गों में बांटना नहीं, बल्कि 36 बिरादरी को एक साथ जोड़ना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को नफरत के बजाय सद्भाव और भाईचारे की जरूरत है। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और आम जनता की आवाज को मजबूत करने के संदेश को प्रदेश के हर गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सत्ता की राजनीति के बजाय जनहित को प्राथमिकता देकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।

विधानसभा स्तर पर जनसभाओं की तैयारी

सद्भाव यात्रा के जरिए प्रदेश में भाईचारे का संदेश देने के बाद कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया जा रहा है। जिला स्तरीय सम्मेलनों के बाद अब हर विधानसभा क्षेत्र में जनसभाएं और जनसंपर्क अभियान आयोजित करने की तैयारी है।

अभियान का उद्देश्य हर घर तक कांग्रेस का झंडा और विचारधारा पहुंचाना बताया गया है। दौरे के दौरान भिवानी जिला मुख्यालय पर इसी महीने के अंतिम सप्ताह से तैयारियां तेज करने और एक बड़े प्रांतीय कार्यक्रम के आयोजन पर भी सहमति बनी।

भिवानी और चरखी दादरी में अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक चेहरों की सक्रियता के बीच बृजेंद्र सिंह का दौरा क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से चर्चा में है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m