सोनीपत। दिल्ली के नरेला में मारे गए सोनीपत के प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद के परिजन और ग्रामीण शुक्रवार को आरोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। दोपहर में ग्रामीणों ने कुंडली-सिंघु रोड जाम कर दी। ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर गांव की सैकड़ों महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए सोनीपत पुलिस के कई जवान तैनात किए गए हैं। हंगामे के दौरान परिवार की एक महिला बेहोश भी हो गई।

शव लेने से इनकार

प्रमोद के बड़े भाई विनोद ने रोते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा, परिवार शव नहीं लेगा।

विनोद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें गरीब के बच्चों को न्याय दिलाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नाहरी गांव के बेटे की हत्या से परिवार का घर उजड़ गया है और उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए।

परिवार ने पहले से जताई थी हत्या की आशंका

परिजनों का कहना है कि प्रमोद को पहले से अपनी हत्या की आशंका थी। उनके मुताबिक, उन्होंने अपनी डिफेंडर और एंडेवर कार को मोडिफाई कराकर बुलेटप्रूफ करवाया था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार को प्रमोद बुलेटप्रूफ कार के बजाय स्कॉर्पियो से जिम गए थे। वहां गाड़ी से उतरते ही दो शूटरों ने उन पर गोलियां चला दीं। प्रमोद को 16 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

12वीं के बाद शुरू की थी नौकरी

प्रमोद सोनीपत के नाहरी गांव के रहने वाले थे। उनके पिता डिफेंस में नौकरी करते थे। मां साबो देवी की उम्र 75 साल है। वह बेटे की मौत के बाद रोते हुए पुराने दिनों को याद करती हैं।

साबो देवी के मुताबिक, प्रमोद जब नौवीं कक्षा में पढ़ते थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद बड़े भाई विनोद को नौकरी मिली। इससे परिवार का गुजारा चलता रहा।

प्रमोद ने 12वीं के बाद परिवार की मदद के लिए प्राइवेट बस में कंडक्टर की नौकरी शुरू की। बाद में उन्होंने ठेके पर बस लेकर दिल्ली में बसें चलाईं। कुछ समय बाद उन्होंने डिफेंस में कांट्रैक्ट बेस पर ड्राइवर की नौकरी भी की।

15 साल पहले शुरू किया प्रॉपर्टी डीलिंग का काम

साबो देवी के अनुसार, करीब 15 साल पहले प्रमोद ने नौकरी छोड़कर प्रॉपर्टी डीलिंग शुरू की थी। इसी काम से उन्होंने गांव में मकान, ऑफिस और ‘मुकुल’ नाम से मैरिज हॉल बनाया।

प्रमोद चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। प्रमोद की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे हैं।

फिलहाल परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। सड़क जाम होने के कारण कुंडली-सिंघु रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m