Dharm Desk : धनतेरस का पर्व धन, सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक होता है। इस दिन लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और दूसरी उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। धनतेरस पर खरीदारी की इन परंपराओं के बीच साबुत धनिया का भी बहुत खास महत्व है। बहुत से घरों में इस दिन धनिया खरीदकर लक्ष्मी जी की पूजा में अर्पित किया जाता है। इसे घर में बरकत और धन-धान्य की वृद्धि से जोड़कर देखा जाता है।धनिया खरीदने की परंपरा सिर्फ पूजा तक ही सीमित नहीं है। इससे जुड़ी एक बहुत खास मान्यता दीपावली तक निभाई जाती है।

इसमें धनतेरस पर खरीदे गए धनिए को लक्ष्मी जी के सामने चढ़ाया जाता है और दीपावली के बाद उसके बीजों को गमले में बोया जाता है। इसमें जरूरी बात यह है कि धनिए के पौधे की बढ़त और उसकी हरियाली को आने वाले साल की आर्थिक स्थिति के संकेत के रूप में देखते है। यही वजह है कि इस छोटी-सी परंपरा को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता रहती है।

धनतेरस से दिवाली तक की रस्म

धनतेरस के दिन बाजार से साबुत धनिया खरीदकर घर लाएं। ध्यान रखें कि पिसा हुआ धनिया न खरीदें क्योंकि इस परंपरा में साबुत बीजों का ही महत्व रहता है। शाम के समय लक्ष्मी जी और भगवान धनवंतरी की पूजा करते समय धनिए को पूजा की थाली में रखें और श्रद्धापूर्वक अर्पित करें। पूजा पूरी होने के बाद इसे साफ स्थान पर संभालकर रखें। ताकि दीपावली तक इसके बीज सुरक्षित रहें।

दीपावली की रात माता लक्ष्मी की पूजा

पूजा के समय धनिए को दोबारा उनके सामने रखें। अगले दिन सुबह इसमें से थोड़े से बीज निकालकर अपनी तिजोरी या उस स्थान पर रखे जहां घर का धन और जरूरी कागजात रखे जाते हैं। इसके पीछे घर में सुख-समृद्धि और सालभर बरकत बने रहने की कामना जुड़ी हुई है। इसके बाद बचे हुए धनिए के बीजों को एक साफ गमले में मिट्टी डालकर बो दें। पौधे के उगने और उसकी बढ़त को लेकर ये तीन तरह के संकेत मिलते हैं।

1.हरा-भरा और घना पौधा
धनिए के बीज अच्छी तरह अंकुरित होते हैं और पौधा हरा-भरा व घना दिखाई देता है तो इसे आने वाले साल में आर्थिक खुशहाली धन की बरकत और अच्छे अवसर मिलने का शुभ संकेत मानते है।

2.पतला पौधा
अगर धनिए का पौधा तो उगता है लेकिन उसकी बढ़त सामान्य रहती है और वह पतला दिखाई देता है तो इसे आने वाले साल में आमदनी और आर्थिक स्थिति सामान्य रहने से जोड़ जाता है।

3.पीला पड़ना या न उगना
धनिए के बीज ठीक से अंकुरित नहीं होते या पौधा उगने के बाद पीला पड़ने लगता है तो इसे आर्थिक मामलों में सावधानी रखने का संकेत समझा जाता है।