जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टेंथ माइल स्टोन होटल में मीटिंग के बाद बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बदमाशों ने कारोबारी निखार सबलोक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। निखार के दोस्तों ने उन्हें तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

होटल से बाहर निकलते ही हमला

बताया जा रहा है कि निखार सबलोक सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे होटल में दोस्तों के साथ कारोबारी बैठक के लिए पहुंचे थे। मीटिंग खत्म होने के बाद जैसे ही वह होटल की सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, तभी दो हथियारबंद अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।निखार को चार गोलियां लगने की बात सामने आई है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मौके से मिले 9 खोखे

सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से 9 खोखे बरामद किए हैं। हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।

भाजपा से भी जुड़े थे निखार

निखार सबलोक होटल कारोबार से जुड़े होने के साथ भाजपा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। उनकी हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। उन्हें विधायक सरयू राय का करीबी भी बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या के कारण और राजनीतिक कनेक्शन को लेकर पुलिस की जांच जारी है।