कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एकतरफा प्यार की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर महिला(भाभी) को गोली मार दी। महिला को बचाने दौड़े उसके देवर को भी आरोपी ने निशाना बनाया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बातचीत बंद करने से बौखलाया हुआ था आरोपी

दरअसल वारदात पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित कृष्णा नगर पहाड़ी की है। जहां रवि जाटव सुबह काम पर चले गए थे। घर में उनकी पत्नी सीतू जाटव अकेली थीं, जबकि देवर आकाश जाटव पास ही मौजूद था। इसी दौरान पड़ोसी जगदीप सिंह घर में घुस आया और सीतू पर फायर कर दिया। गोली सीने में लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आकाश उन्हें बचाने दौड़ा तो आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी, जिससे उसके हाथ में गोली लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

विवाद को लेकर मोहल्ले में पंचायत भी हुई थी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल महिला के पति रवि जाटव ने पुलिस को बताया है कि आरोपी जगदीप सिंह पहले उनकी पत्नी से बातचीत करता था। करीब एक साल पहले उन्होंने दोनों को मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया था, इसके बाद पत्नी ने आरोपी से सभी तरह का संपर्क खत्म कर दिया। आरोप है कि तभी से जगदीप लगातार महिला पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था। इस विवाद को लेकर मोहल्ले में पंचायत भी हुई थी, लेकिन पुलिस में शिकायत नहीं की गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

परिवार का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि आरोपी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे देगा। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जगदीप सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना की वजह एकतरफा लगाव और महिला पर बातचीत का दबाव बनाना सामने आया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m