Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के रायगड़ा जिले में बच्चा चोरी के संदेह में भीड़ द्वारा एक 22 वर्षीय गैर-सरकारी संगठन (NGO) की महिला कार्यकर्ता को निर्वस्त्र करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ओडिशा पुलिस से ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ (कार्रवाई रिपोर्ट) मांगी है। दूसरी ओर, ओडिशा राज्य महिला आयोग (SCW) ने भी पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।
मीडिया रिपोर्टों के आधार पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना का स्वतः संज्ञान (Suo Motu Cognizance) लिया है, जिसमें दावा किया गया था कि महिला और उसके साथी पर बच्चा चोर होने के शक में भीड़ ने हमला किया था।
सोमवार को जारी एक नोटिस में, आयोग ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (DGP) से दर्ज की गई एफआईआर (FIR) का विवरण, लगाई गई धाराएं, जांच की प्रगति, गिरफ्तारियों की संख्या और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोग ने इस रिपोर्ट को सात दिनों के भीतर सौंपने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा, आयोग ने पीड़िता को दी जा रही चिकित्सा देखभाल, काउंसलिंग और पुनर्वास के उपायों के साथ-साथ एनजीओ कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कम्युनिटी पुलिसिंग व जागरूकता अभियानों के माध्यम से भीड़ द्वारा की जाने वाली हिंसा (Mob Vigilantism) को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी मांगी है।
ओडिशा राज्य महिला आयोग (SCW) की अध्यक्ष शोभना महंती ने बताया कि यह घटना 16 जून की रात को कल्याणसिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई थी। दिल्ली की रहने वाली यह महिला और गुजरात का रहने वाला उसका पुरुष सहकर्मी दारिंगबाड़ी से थुआमुल रामपुर जा रहे थे। इसी दौरान वे रास्ता भटक गए और कंदुलगुड़ा गांव पहुंच गए, जहां 100 से अधिक लोगों की उग्र भीड़ ने उन्हें बच्चा चोर समझकर उन पर हमला कर दिया।
शोभना महंती, अध्यक्ष, ओडिशा राज्य महिला आयोग का कहना है वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीड़िता से बात की हैं और उन्हें आश्वासन दिया है कि न्याय मिलेगा तथा सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
यहाँ बता दें की पुलिस इस मामले में अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। क्राइम ब्रांच की आईजीपी (IGP) शाइनी एस. ने कहा कि यह हमला पूरी तरह से निराधार और झूठे आरोपों के कारण हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां भी की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय युवक बलराम बाग की भी सराहना की, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को उग्र भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बचाया था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

