सहारनपुर के सरसावा स्थित सौराना गांव में बसपा की जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने भाजपा, कांग्रेस और सपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया. सभा में उन्होंने नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया.
सहारनपुर. जिले के सरसावा क्षेत्र स्थित सौराना गांव में आयोजित बसपा की जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने तीनों दलों को दलित विरोधी बताते हुए भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू करार दिया. इस दौरान उन्होंने नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा सीट से बसपा का प्रत्याशी घोषित किया.
आकाश आनंद दोपहर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. अपने भाषण में उन्होंने शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, आरक्षण और दलित राजनीति से जुड़े मुद्दे उठाए. उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया और उनके बयानों पर सवाल खड़े किए.
भाजपा पर लगाए आरोप
आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में झूठे विज्ञापनों और बैनरों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए. उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर चाहिए, मुफ्त राशन नहीं. पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार से दूर रखने के लिए जानबूझकर परीक्षाओं के पेपर लीक कराए जाते हैं.
कांग्रेस और सपा पर निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने कहा कि पार्टी अपने भाषणों में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करती है, लेकिन उन्हें भारत रत्न देने में उसकी सरकारों ने दशकों लगा दिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में बाबा साहब की ओर से की गई आरक्षण व्यवस्था को पूरी तरह लागू नहीं किया.
भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताते हुए उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी भाजपा जैसी नीतियां अपनाई जा रही हैं. उन्होंने झारखंड में पेपर लीक की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस ने चुप्पी साधे रखी और आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठियां बरसाई गईं. दिल्ली में जेनजी आंदोलन के दौरान राहुल गांधी के शामिल होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए. दोनों दलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इनमें एक नाग है तो दूसरा शेषनाग.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को उन्होंने भ्रमित नेता बताया. आकाश आनंद ने कहा कि अखिलेश यादव को खुद स्पष्ट नहीं है कि वह किस दिशा में जा रहे हैं. उनके मुताबिक, अखिलेश कभी पीडीए में ‘पी’ का अर्थ पंडित बताते हैं तो कभी पिछड़ा. उन्होंने जयंत चौधरी के लिए अखिलेश यादव की ओर से दिए गए चवन्नी वाले बयान पर भी आपत्ति जताई. इसके साथ ही उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में हुए मुजफ्फरनगर दंगे का उल्लेख किया.
भाषण में रखा संयम
जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव का नाम लेते समय ‘श्री’ और ‘जी’ जैसे संबोधनों का इस्तेमाल किया. जब वह अखिलेश यादव पर बोल रहे थे, तब सभा में मौजूद कुछ लोगों ने भी टिप्पणी की. एक युवक ने अखिलेश यादव के लिए ‘अंकल जी’ कहा तो आकाश आनंद ने जवाब दिया कि यह संबोधन जनता इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन वह ऐसा नहीं कहेंगे.
नरेश सैनी को टिकट
सभा के दौरान आकाश आनंद ने नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी घोषित किया. पार्टी इससे पहले सहारनपुर देहात सीट से फिरोज आफताब के नाम की घोषणा कर चुकी है. वहीं, बेहट सीट से रोहित राणा का नाम भी प्रत्याशी के तौर पर तय माना जा रहा है.
ये नेता रहे मौजूद
जनसभा में पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली, रणधीर सिंह बेनीवाल, डॉ. मेघराज जरावरे, रजनीश बंधु, जनेश्वर प्रसाद, जगपाल सिंह, प्रताप सिंह, ऋषिपाल, रामकुमार शिंदे, अनिल कुमार पप्पू, रजनीश उजाला, मेहरबान प्रमुख, कुलदीप बालियान और सरफराज राइन समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

