मुकेश मेहता, बुधनी। मध्य प्रदेश के बुधनी बड़ी खबर सामने आई है। यहां रातापानी के बरखेड़ा में काम करने वाले वन विभाग के एक कर्मचारी का शव नेशनल हाईवे-46 पर बने डिवाइडर के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों ने एक वनरक्षक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भीमकोठी निवासी था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक तुकाराम भिलाला बुधनी के भीमकोठी के रहने वाले थे और वन विभाग में कर्मचारी के रूप में रातापानी क्षेत्र के बरखेड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बुधवार को उनका शव नेशनल हाईवे-46 पर डिवाइडर के पास संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप- वनरक्षक के साथ देखा गया था आखिरी बार
मृतक के परिजनों ने इस मौत को सामान्य दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि तुकाराम को घटना से पहले आखिरी बार एक वनरक्षक के साथ देखा गया था। परिजनों का कहना है कि उनकी हत्या करके शव को नेशनल हाईवे पर फेंका गया है ताकि मामले को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस के सामने भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, मौत की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

