शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के विश्व स्तरीय, एयरपोर्ट जैसे दिखने वाले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर आज दो ऐसी सवारियां पहुंच गईं, जिनके पास न टिकट था, न प्लेटफॉर्म टिकट। प्लेटफॉर्म नंबर-1 का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो भैंसें बड़े आराम से यात्रियों के बीच से टहलते हुए सीधे ट्रेन तक पहुंच रही हैं। यात्री हैरान, स्टाफ परेशान और भैंसें बिल्कुल रिलैक्स..
सूत्रों के मुताबिक, भैंसें भी 450 करोड़ की लागत से बने स्टेशन की सुविधाओं का जायजा लेने आई थीं। उन्होंने फर्श की गुणवत्ता, प्लेटफॉर्म की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था फेल पाई गई। रेलवे ने करोड़ों खर्च कर ऑटोमेटिक गेट, सीसीटीवी, हाई-टेक सिक्योरिटी लगाई, लेकिन दो भैंसें उन सबको चकमा देकर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गईं।
ये भी पढ़ें: चीतों के स्वागत को तैयार नौरादेही अभयारण्य: मध्य प्रदेश में बसाया जाएगा नया आशियाना, सीएम डॉ मोहन करेंगे रिलीज
अब सवाल उठ रहा है कि जब प्लेटफॉर्म तक भैंसें आ सकती हैं, तो सुरक्षा का दावा कितना पक्का है? फिलहाल वीडियो वायरल है और लोग कह रहे हैं कि स्टेशन तो वर्ल्ड क्लास है, पर मेहमान देसी हैं। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो भैंसें प्लेटफॉर्म पर आराम से टहल रही हैं और यात्रियों के बीच से होते हुए गुजर रही है। इस घटना के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और आवारा पशुओं की एंट्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

