Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के कॉलेज परिसरों में एक बार फिर छात्र राजनीति की सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव कराने का बिगुल बज चुका है। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने घोषणा की है कि आगामी 15 अक्टूबर को छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के अगले दिन यानी 16 अक्टूबर को नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधि शपथ ग्रहण करेंगे, जिसके बाद कॉलेजों में दशहरा की छुट्टियां शुरू होंगी।
राज्य में पिछले 8 वर्षों से कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव बंद थे। लंबे अंतराल के बाद चुनाव कराने की घोषणा से छात्रों और विभिन्न छात्र संगठनों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही एबीवीपी (ABVP), एनएसयूआई (NSUI) और बीजू छात्र जनता दल (BCJD) जैसे प्रमुख छात्र संगठनों ने अपनी-अपनी चुनावी रणनीतियां और तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से चुनाव प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है:
- 7 अक्टूबर: चुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
- 9 अक्टूबर: नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
- 15 अक्टूबर: मतदान होगा और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
- 16 अक्टूबर: विजयी प्रत्याशी शपथ ग्रहण करेंगे।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी कॉलेज प्राधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। कॉलेज परिसरों में किसी भी प्रकार की हिंसा या अवांछित घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस की सहायता ली जाएगी।
चुनाव की घोषणा के साथ ही विभिन्न कॉलेजों में ‘वट फॉर मी’ अभियान, चुनावी वादे और पोस्टरबाजी का दौर शुरू हो गया है। लंबे समय से अपनी आवाज उठाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने का इंतजार कर रहे छात्रों में इस फैसले से बेहद खुशी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

