बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक चिकन पॉइंट पर रोटियां बनाने के दौरान ऐसी हरकत सामने आई, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। आरोप है कि तंदूर में रोटियां सेंक रहा युवक हर रोटी पर थूक रहा था। उसकी यह हरकत किसी ने कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो मामला पुलिस तक जा पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने ऐसा कदम उठाया कि आरोपी को जेल जाना पड़ा।

मामला ककोड़ कस्बे के सिकंदराबाद रोड स्थित जफर भाई मार्केट के अल हरम चिकन पॉइंट का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक तंदूर के पास खड़ा दिखाई देता है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह रोटियां सेंकते समय उन पर मुंह से थूक रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार ने इसकी पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम चिकन पॉइंट पर पहुंची और वीडियो में नजर आ रहे युवक के बारे में जानकारी जुटाई। उसकी पहचान फिरोज के रूप में हुई। वह जहांगीराबाद के मोहल्ला बाजार खाम का रहने वाला है।

पुलिस के सामने आते ही मांगने लगा माफी

पुलिस के मुताबिक, फिरोज को वायरल वीडियो दिखाकर उससे पूछताछ की गई। रोटियों पर थूकने के संबंध में सवाल किए गए तो वह माफी मांगने लगा। उसने भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की बात भी कही। हालांकि, पुलिस ने मामले को केवल माफी तक सीमित नहीं रखा।

पुलिस ने चिकन पॉइंट के मालिक मुस्तकीम को गिरफ्तारी की सूचना दी। साथ ही वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद फिरोज को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।