अनुराग शर्मा, सीहोर। जिला मुख्यालय के चाणक्यपुरी क्षेत्र में बीती रात एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक सांड रात के अंधेरे में एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल (सेकंड फ्लोर) पर जा पहुंचा। रात के समय जब स्थानीय लोगों की नजर इस पर पड़ी, तो हर कोई हैरान रह गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
आधी रात को चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जैसे ही लोगों ने सांड को इतनी ऊंचाई पर देखा, इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीहोर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। रात करीब 2:00 बजे पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मिलकर एक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सीढ़ियों और संकरे रास्तों के बीच, भारी मशक्कत और सूझबूझ दिखाते हुए टीम ने सांड को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारा।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
इस पूरी घटना का वीडियो वहाँ मौजूद कुछ युवकों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसमें सांड दूसरी मंजिल की बालकनी पर खड़ा दिखाई दे रहा है। यह वीडियो अब सीहोर सहित पूरे प्रदेश के सोशल मीडिया ग्रुप्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग पुलिस और नगर पालिका कर्मचारियों की इस मुस्तैदी और तत्परता की जमकर तारीफ कर रहे हैं, जिन्होंने आधी रात को इस मूक पशु की जान बचाई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

