सुशीला देवी,गुडगांव। गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पांच अवैध ठिकानों पर बुल्डोजर चलाया। जिला प्रशासन के सहयोग से धनकोट नगर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए मकान और बोरवेल को ध्वस्त कर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।


पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार की खुफिया सूचना के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि कुख्यात आरोपी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा, दोनों निवासी धनवापुर, ने धनकोट नहर के पास अवैध निर्माण कर रखा था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 जुलाई को बुल्डोजर कार्रवाई की गई।


पुलिस ने बताया कि नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट और शस्त्र अधिनियम सहित 12 गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि सन्नी उर्फ डोगरा पर ऐसे ही 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को इलाके के आदतन अपराधियों में शामिल माना जाता है।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे समय कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों, कब्जों और भूमि माफियाओं के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।