फरीदाबाद। शहर में प्रस्तावित RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना का रास्ता साफ करने के लिए प्रशासन ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए NIT-3 स्थित मस्जिद चौक पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 700 वर्ग गज क्षेत्र में बनी मस्जिद सहित कई अन्य निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया।

प्रशासन ने इस कार्रवाई की तैयारी पहले से ही कर रखी थी। रात करीब 2 बजे से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी शुरू कर दी गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई।

सुबह करीब 4 बजे शुरू हुए अभियान में कई अर्थमूवर मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत RRTS कॉरिडोर और प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण में ये ढांचे बाधा बन रहे थे, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।

कई मार्गों पर यातायात रहा प्रभावित

कार्रवाई के दौरान मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट चौक तक का मार्ग अस्थायी रूप से बंद रखा गया। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल और नमस्ते चौक की ओर जाने वाली सड़क पर भी यातायात प्रतिबंधित रहा।

यातायात पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की थी। भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड के रास्ते गुरुग्राम की ओर भेजा गया, जबकि हल्के वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए।

आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

प्रशासन का कहना है कि शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अवैध अतिक्रमण और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक हित और बुनियादी ढांचे के विकास में बाधा बनने वाले किसी भी निर्माण को नियमानुसार हटाया जाएगा।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और संबंधित मार्गों पर नाकाबंदी की गई। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

गौरतलब है कि कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।