विक्की आर्य, शमशाबाद। पिपलधार से हाट बाजार करके विदिशा जा रहे सर्राफा व्यापारी को पिपलधार पट्टन गांव के बीच अज्ञात बाइक सवारों गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घायल व्यापारी को इलाज के लिए शमशाबाद अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

पीछा कर अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली

मामला शमशाबाद थाना क्षेत्र के पिपलधार और पट्टन गांव के बीच विदिशा रोड का है। जानकारी के अनुसार व्यापारी संजय सोनी अपनी बाइक से विदिशा जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया और रास्ते में गोली मार दी।

सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग लेकर फरार

गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद बदमाश व्यापारी के पास रखा सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैग में करीब 50 से 60 लाख रुपये का माल बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

पुलिस ने बदमाशों की तलाश की शुरू

घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m