औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद गिट्टी लदे डंपर में आग लग गई। चालक ने खिड़की से कूदकर जान बचाई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया गया।
औरैया. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 4:10 बजे नगला चतुरभुज के पास गिट्टी लदे डंपर में आग लग गई. किलोमीटर संख्या 277 के पास डंपर की अज्ञात वाहन से पीछे से टक्कर हो गई थी, जिसके बाद डंपर आग की चपेट में आ गया.
डंपर चालक मोहम्मद जमीर पुत्र समीर अहमद ने आग लगते ही खिड़की से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई. हादसे में उन्हें मामूली चोटें आईं. डंपर झांसी से इटावा की ओर गिट्टी लेकर जा रहा था.
टक्कर के बाद लगी आग
नगला चतुरभुज के पास डंपर ने जिस अज्ञात वाहन में पीछे से टक्कर मारी, उसमें भी मोरंग लदी हुई थी. टक्कर के बाद सड़क पर गिट्टी और मोरंग फैल गई, जबकि डंपर में आग लगने के बाद कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं.
घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. यूपीडा की ओर से सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं.
दो दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
हादसे की सूचना सुबह 4:34 बजे फायर विभाग को मिली. इसके बाद औरैया और बिधूना फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं.
फायरकर्मी श्रीपाल और दुष्यंत कुमार के साथ चालक दुर्गा प्रसाद, मेहरबान सिंह और ब्रजेश कुमार ने राहत कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने डंपर में लगी आग पर काबू पाया.
सूचना मिलने पर यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई. थाना प्रभारी सुरेश चंद्र, चौकी प्रभारी विपिन कुमार और कुदरकोट थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
एक किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क साफ कराकर यातायात को सुचारु कराया जा सका.
मामूली रूप से घायल चालक जमीर को यूपीडा की एंबुलेंस से भरथना सीएचसी ले जाया गया. चिकित्सकों ने उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.


