रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। एमपी के बुरहानपुर में आरके ऑटोडील पार्किंग से ताला काटकर 7 लाख की कार चुराने वाले आरोपी को गणपति नाका पुलिस ने मुंबई के कुर्ला से गिरफ्तार किया है।

घटना 22 अगस्त की है। सहजीम खान निवासी जयस्तंभ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी सफेद अर्टिगा एमएच 47 एएस 2405 आरके ऑटो डील में खड़ी थी, जिसे बदमाश गेट का ताला कटर से काटकर चुरा ले गए।

थाना गणपति नाका में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। एसपी आशुतोष बागरी ने टीम गठित की। गणपति नाका थाना टीआई कमल सिंह पवार ने बताया सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से 2 लोगों को चिह्नित किया गया। फुटेज में बदमाश बस स्टैंड स्थित जनता होटल में रुककर रैकी करते दिखे।

कड़ी दर कड़ी जोड़कर पुलिस ने शेख नासीर अली पिता शेख शाकिर अली निवासी चांदपुर बिजनौर, वर्तमान निवासी खान कंपाउंड मुंब्रा मुंबई को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में उसने साथी के साथ चोरी करना कबूली। उसके कब्जे से 7 लाख की कार जब्त की गई। उसका एक साथी आरोपी इनायत उल्ला फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m