रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। वन माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ वन विभाग ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन विभाग की टीम ने जिले की दो प्रमुख वन रेंज शाहपुर और बोदरली में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 17.5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। दोबारा अवैध कब्जा न हो इसके लिए मुक्त कराई गई जमीन पर जेसीबी (JCB) की मदद से गहरी खंतियां भी खुदवाई गई हैं।

ये भी पढ़ें: ‘चड्डी-बनियान’ गैंग का आतंक: दो सूने मकानों से 28 लाख की चोरी, कई घरों में सेंधमारी की कोशिश

शाहपुर रेंज में जम्बूपानी बीट से 15 हेक्टेयर जमीन कराई मुक्त

बुरहानपुर वन मंडल के एसडीओ (SDO) अजय सागर ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई शाहपुर रेंज के अंतर्गत आने वाली जम्बूपानी बीट के कक्ष क्रमांक 423 में की गई। यहां परिक्षेत्र स्तरीय अतिक्रमण बेदखली अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान शाहपुर रेंजर, वन अमला और विशेष सुरक्षाकर्मी भारी संख्या में मौजूद रहे। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अकेले इस क्षेत्र से करीब 15 हेक्टेयर वन भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

बोदरली रेंज में भिंगारा बीट में भी चला वन विभाग का डंडा

इसी क्रम में दूसरी बड़ी कार्रवाई बोदरली परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भिंगारा बीट में की गई। यहां बीट के कक्ष क्रमांक 394 में वन विभाग की टीम ने दबिश दी और अवैध रूप से कब्जा की गई 2.5 हेक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। यहां भी बेदखली के तुरंत बाद जमीन के चारों ओर खंतियां खोदने का काम किया गया ताकि भविष्य में घुसपैठ रोकी जा सके।

ये भी पढ़ें: उज्जैन में आफत की बारिश: प्रशासन की खुली पोल, पहली ही बारिश में डूबी शहर की सड़कें, खुले चेंबर दे रहे हादसों को न्योता

वन विभाग की चेतावनी- ‘जारी रहेगी कार्रवाई’

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जिले में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले और सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से खेती या कब्जा करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आगामी दिनों में भी इस तरह के बेदखली अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m