अनिल मालवीय, इछावर। सीहोर जिले की इछावर तहसील में कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त के बड़े-बड़े दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ ‘चड्डीधारी चोर गैंग’ ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने पटेल कॉलोनी और बढ़ियाखेड़ी इलाके को निशाना बनाते हुए दो सूने मकानों से करीब 4 लाख रुपये नकद और 24 लाख रुपये मूल्य के जेवरात सहित कुल 28 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। इसके अलावा गैंग ने कई अन्य घरों में भी सेंधमारी की कोशिश की।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में आफत की बारिश: प्रशासन की खुली पोल, पहली ही बारिश में डूबी शहर की सड़कें, खुले चेंबर दे रहे हादसों को न्योता
ताले तोड़कर अलमारी से ले उड़े 26 लाख का रुपए का सामान
बढ़ियाखेड़ी स्कूल के पीछे रहने वाले उमंग विनोदा अपने माता-पिता के साथ गुरुवार को पुराने बस स्टैंड स्थित अपने पुराने मकान पर रहने गए थे। शनिवार सुबह जब वे वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। भीतर जाकर देखा तो कमरों की अलमारियां टूटी पड़ी थीं। चोर वहां से 2 लाख रुपये नगद और लगभग 24 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए।
शादी में इंदौर गए परिवार के घर से 2 लाख रुपए पार
दूसरी वारदात भी बढ़ियाखेड़ी निवासी विकास राय के मकान में हुई। विकास ससुराल में शादी होने के कारण पत्नी के साथ इंदौर गए हुए थे। बीती रात करीब 9 बजे उनके पिता घर की लाइट चालू करके गए थे लेकिन सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर ताले टूटने की सूचना दी। विकास के मुताबिक चोर उनके घर से 2 लाख रुपये नगद और चांदी के आभूषण चुरा ले गए हैं।
लोगों के जागने से टलीं दो और बड़ी वारदातें, CCTV में दिखे हथियारबंद चोर
चोरों ने विजासन धाम कॉलोनी में भी दो प्रमुख लोगों के घरों में घुसने का प्रयास किया लेकिन मकान मालिकों की सजगता से वारदात टल गई। देर रात बदमाश खिड़की की ग्रिल उखाड़ रहे थे, तभी आहट पाकर अमित की नींद खुल गई। उनके लाइट चालू करते ही चोर भाग खड़े हुए।
सुरेंद्र सिंह अरोरा उर्फ अप्पी जो पूर्व नपाध्यक्ष के भाई है उनके मकान की खिड़की की जाली उखाड़ते समय सुरेंद्र की नींद खुल गई। लाइट जलती देख चोर बाउंड्रीवाल फांदकर भाग निकले।
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में करीब 5 संदिग्ध चोर भागते दिखाई दे रहे हैं। सभी ने चड्डी-बनियान पहन रखी थी, चेहरे नकाब से ढके थे और उनके हाथों में धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। इससे साफ है कि यह खतरनाक गैंग पूरी तैयारी के साथ वारदातों को अंजाम दे रहा है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में 1.04 करोड़ का ‘जमीन स्कैम’: फर्जी मालिक बनकर ऐंठे 35 लाख रुपये, रजिस्ट्री के दिन फोन बंद कर भागे 4 जालसाज
पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल, जनता में आक्रोश
इछावर शहर में बीते 15 दिन के भीतर आधा दर्जन से अधिक मकानों में चोरियां हो चुकी हैं। यहां तक कि बदमाशों ने करौली माता मंदिर को भी नहीं छोड़ा। बावजूद इसके थाना कोतवाली पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय पुलिस की मौजूदगी सिर्फ कागजों और बैठकों तक सीमित रह गई है। यदि जल्द ही इस चड्डीधारी गैंग को नहीं दबोचा गया, तो लोगों का पुलिस व्यवस्था से भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा।

