कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 35 लाख रुपए की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चार आरोपियों ने खुद को जमीन का मालिक और उसके रिश्तेदार बताकर 1 करोड़ 4 लाख रुपए में कृषि भूमि का सौदा तय किया। फर्जी एग्रीमेंट कराया, किस्तों में 35 लाख रुपए अपने खातों में डलवाए और रजिस्ट्री का समय आने पर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर थाटीपुर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: एक हादसे में बुझ गए घर के दो चिराग: नशे में धुत कार चालक ने बाइक को मारी टक्कर, शादी से लौट रहे चाचा-भतीजे की मौत
कारोबार बढ़ाने के चक्कर में जालसाजों के चंगुल में फंसे भाई
मिली जानकारी के अनुसार मुरार की शिवहरे कॉलोनी निवासी पियूष शिवहरे और योगेश शिवहरे इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रिपेयरिंग सेंटर संचालित करते हैं। जुलाई 2025 में उनकी मुलाकात विनोद सिंह गुर्जर से हुई। उसने कारोबार बढ़ाने के लिए जमीन खरीदने की सलाह दी और उनकी मुलाकात जितेंद्र बघेल से कराई।
इसके बाद ग्राम अड़ूपुरा जागीर, तहसील सिटी सेंटर की सर्वे नंबर 163 और 164 की करीब डेढ़ बीघा जमीन बेचने की बात कही गई,आरोपी धर्मवीर बघेल उर्फ राहुल ने खुद को जमीन मालिक धर्मेंद्र का रिश्तेदार बताया और सौदे की बातचीत आगे बढ़ाई।
टेकनपुर की बैठक में तय हुआ ₹1.04 करोड़ का सौदा
जमीन के इस सौदे को अमलीजामा पहनाने के लिए 9 नवंबर 2025 को टेकनपुर में एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। जिसमें जितेंद्र बघेल, धर्मवीर बघेल, सतेंद्र तिवारी और गंगाराम गुर्जर समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसके बाद 75 लाख रुपए प्रति बीघा के हिसाब से कुल 1 करोड़ 4 लाख रुपए में जमीन का सौदा तय हुआ और 12 नवंबर 2025 को बिक्री अनुबंध भी कर लिया गया।
35 लाख रुपए ऐंठे, रजिस्ट्री के दिन खुली पोल
जालसाजों ने एग्रीमेंट के आधार पर जनवरी से मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में पीड़ितों से कुल 35 लाख रुपये अपने खातों में डलवा लिए। जब 8 अप्रैल 2026 को खरीदार रजिस्ट्री कराने पहुंचे तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
पीड़ितों ने जब अपने स्तर पर पड़ताल की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जांच में सामने आया कि जो लोग खुद को जमीन का मालिक और रिश्तेदार बता रहे थे, वे असल में मालिक थे ही नहीं। पूरा सौदा फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे तैयार किया गया था।
ये भी पढ़ें : अवैध संबंधों के चलते खूनी खेल: 32 वर्षीय युवक की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या, वारदात से मची सनसनी
थाटीपुर पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी
धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने जितेंद्र बघेल, धर्मवीर बघेल, सतेंद्र तिवारी और गंगाराम गुर्जर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

