अनिल मालवीय, इछावर।  ग्राम पचामा में सोमवार दोपहर बैंक के पास एक सनसनीखेज हत्या की घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। 32 वर्षीय युवक बबलू मालवीय की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बबलू मालवीय (32) के रूप में हुई है, जो ग्राम पचामा का निवासी था। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रताप (ग्राम बारवाखेड़ी निवासी) ने दिनदहाड़े बबलू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

अवैध संबंध बताए जा रहे हैं हत्या का कारण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे मृतक बबलू मालवीय की पत्नी के कथित अवैध संबंधों का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रताप और बबलू की पत्नी के बीच अवैध संबंध थे, जिसको लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुके थे। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बबलू को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही इछावर पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी प्रताप की धरपकड़ के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m