गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने एक ही परिवार की खुशियों को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया। यहाँ शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे चाचा-भतीजे की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर दूर खेत में जा गिरे और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: अवैध संबंधों के चलते खूनी खेल: 32 वर्षीय युवक की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या, वारदात से मची सनसनी  

रात 2 बजे सेमरी घाटी में हुआ भीषण हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, आरोन तहसील के ग्राम ऊनारसी कला निवासी रघुवीर यादव और उनका भतीजा बलवीर यादव गुना में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 2 बजे जब दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमरी घाटी में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

नशे में धुत था कार चालक, दो-दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक के भाई माखन सिंह ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार (क्रमांक MP 07 AJ 3929) का चालक अत्यधिक नशे में था और बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। वह आरोन की तरफ से आ रहा था।

इस भयावह हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है। मृतक रघुवीर और बलवीर दोनों शादीशुदा थे और दोनों के दो-दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। एक ही झटके में इन मासूमों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

ये भी पढ़ें: जंगल में चमकी बिजली और उजड़ गया परिवार: बुआ-भतीजी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत, एक महिला घायल

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जैसे ही चाचा-भतीजे के शव ऊनारसी कला गांव पहुंचे, वहां कोहराम मच गया और हर आंख नम हो गई। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m