अजयारिवंद नामदेव, शहडोल। मानसून की दस्तक के साथ आई बारिश एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। शहडोल जिले के ग्रामीण अंचल में जंगल से बेल-लताएं और वन उपज एकत्र करने गईं महिलाओं पर अचानक आसमानी बिजली कहर बनकर टूट पड़ी।  इस हादसे में बुआ और भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। 

READ MORE: सिगरेट को लेकर विवाद… शराब के नशे में धुत रईसजादों ने ग्रामीण महिला दुकानदार को धमकाया, बेटे के साथ की मारपीट, FIR दर्ज   

जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के ओदारी गांव में क्षेत्र की कुछ महिलाएं जंगल में दैनिक उपयोग और पशुओं के चारे के लिए बेल-लताएं एकत्र करने गई थीं। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। महिलाएं संभल पातीं, उससे पहले ही आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई। इस आकाशीय बिजली गिरने से ओदारी निवासी इत्तोबाई पति धरमदास सिंह गोंड (50 वर्ष) अपनी भतीजी सफीना सिंह पिता सुखसेन सिंह गोंड (8 वर्ष) की तड़फ तड़फ कर मौत हो गई, वही एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।   

READ MORE: मां पहले ही छोड़ गई, अब हैवानों ने पिता से उसकी ‘लाड़ली’ भी छीनी, चोरी के शक में 8 साल की मासूम की पीट-पीटकर हत्या

बिजली गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े,वहां का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य महिला घायल अवस्था में तड़प रही थी। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं बुआ और भतीजी बताई जा रही हैं। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

READ MORE: बंद पड़ी कोयला खदान में नहाने गया युवक डूबा: मौत के बाद परिजनों का हंगामा, मुआवजे की मांग को लेकर OCM गेट पर दिया धरना  

घटना की सूचना मिलने पर राजस्व और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा, अधिकारियों ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।वहीं इस मामले में पपौंध थाना प्रभारी ब्रजेंद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ महिलाएं जंगल गई थी, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आई दो महिला की मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल है, जिसका उपचार जारी है। मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m