अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की बंद पड़ी शारदा ओपन कास्ट माइन (OCM) में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, मृतक की पहचान रवि सिंह के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव को शारदा OCM के मुख्य गेट के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और एसईसीएल प्रबंधन से मुआवजे की मांग की।
रवि सिंह बंद पड़ी खदान में भरे पानी में नहाने गया था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई, घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि एसईसीएल की बंद पड़ी खदानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि खदान क्षेत्र की उचित घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो यह हादसा नहीं होता। ,मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को लेकर शारदा OCM गेट पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने एसईसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया,वहीं एसईसीएल के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश करते रहे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन द्वारा परिजनों से लगातार चर्चा की जा रही है, जबकि मृतक के परिजन उचित मुआवजा मिलने तक विरोध जारी रखने की बात कह रहे हैं।

