शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के एक प्रतिष्ठित कारोबारी के सोशल मीडिया पोस्ट ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। भोपाल के कारोबारी सुशील अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अंबरीश शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर ₹2 करोड़ की राशि हड़पने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कारोबारी ने इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है।
वृंदावन में जमीन दिलाने के नाम पर ₹2 करोड़ का सौदा
कारोबारी सुशील अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में दावा किया है कि विधायक अंबरीश शर्मा ने उन्हें धार्मिक नगरी वृंदावन में जमीन दिलाने का भरोसा दिया था। इसी सिलसिले में उनके बीच सौदा तय हुआ और विधायक ने उनसे 2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि ली। कारोबारी का आरोप है कि यह पूरा अनुबंध (एग्रीमेंट) विधायक की पत्नी की कंपनी के नाम पर तैयार करवाया गया था।
पैसे वापस मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
पोस्ट के मुताबिक, जब लंबे समय तक जमीन की डील फाइनल नहीं हुई, तो कारोबारी सुशील अग्रवाल ने अपनी राशि वापस मांगी। आरोप है कि विधायक अंबरीश शर्मा ने ₹2 करोड़ लौटाने से साफ इनकार कर दिया और पैसे दोबारा मांगने पर उन्हें जान से मारने की गंभीर धमकी भी दी। असुरक्षा के साये में जी रहे कारोबारी ने अब सीधे सूबे के मुख्यमंत्री से इस मामले में दखल देने और न्याय दिलाने की मांग की है।
सोशल मीडिया पोस्ट से सियासी पारा चढ़ा
सत्तारूढ़ दल के विधायक पर सीधे तौर पर 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और धमकी के आरोप लगने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। विपक्षी दलों को जहां सरकार को घेरने का मौका मिल गया है, वहीं भाजपा संगठन भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
हर पहलू की बारीकी से जांच
शैलेंद्र सिंह चौहान (एडिशनल पुलिस कमिश्नर, भोपाल) ने कहा- एक व्यवसायी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से माननीय विधायक पर लेन-देन और धमकी के संबंध में कुछ आरोप लगाए जाने का मामला हमारे संज्ञान में आया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। दोनों पक्षों के दस्तावेजी साक्ष्यों और अनुबंधों का परीक्षण किया जाएगा। कानून के मुताबिक जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

