Butati Dham scam: राजस्थान के नागौर जिले में स्थित बुटाटी धाम इन दिनों चर्चा में है। यहां के प्रसिद्ध श्री चतुरदास महाराज मंदिर में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमिताओं का खुलासा हुआ है। श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माने जाने वाले इस मंदिर में करोड़ों रुपये के गबन के गंभीर प्रमाण मिले हैं। प्रशासन द्वारा की गई शुरुआती जांच ने पूरे प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

22 करोड़ रुपये की अनियमितता का दावा
डेगाना एसडीएम ने नागौर कलेक्टर को अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान भारी गबन हुआ है। प्रशासन द्वारा गठित 13 सदस्यीय समिति ने जब ऑडिट रिकॉर्ड का मिलान किया, तो करीब 22 करोड़ रुपये के अंतर का पता चला। समिति के अध्यक्ष को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
सोने-चांदी के रिकॉर्ड में भारी हेरफेर
मंदिर में चढ़ावे के रूप में मिलने वाले कीमती सामान का हिसाब भी संदेहास्पद है। नई समिति ने कार्यभार ग्रहण करते समय चांदी और सोने के जो आंकड़े दर्ज किए, वे पुराने रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते थे। करीब 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की यह संपत्ति न तो स्टॉक रजिस्टर में दर्ज थी और न ही वित्तीय अभिलेखों में इसका कोई अता-पता मिला।
भोजनशाला और रसोई के नाम पर फर्जीवाड़ा
मंदिर की भोजनशाला के निर्माण में भी बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में पता चला कि ग्राउंड फ्लोर का निर्माण एक भामाशाह ने अपने निजी खर्च से कराया था। इसके बावजूद मंदिर समिति ने फर्जी बिल लगाकर मंदिर की निधि से लाखों रुपये निकाल लिए।
इसके अलावा, रसोई का खर्च एक साल में 335 प्रतिशत तक बढ़ गया। महज दो साल में रसोई के नाम पर 1.17 करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए। हैरानी की बात यह है कि इस खर्च के लिए कोई भी जीएसटी बिल या सप्लायर का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
सीसीटीवी और मरम्मत में करोड़ों का खेल
जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि सीसीटीवी कैमरों के नाम पर 82.41 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके लिए कोई टेंडर या कोटेशन नहीं लिया गया। इसी तरह, मरम्मत और फर्नीचर के नाम पर बिना किसी वर्क ऑर्डर के 97.48 लाख रुपये उड़ा दिए गए। इतना ही नहीं, ग्राम विकास के कार्यों का भी भौतिक रूप से कोई प्रमाण नहीं मिला है।
पढ़ें ये खबरें
- राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी कल करेंगे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, 4,850 करोड़ की तीन परियोजनाओं की सौगात
- जनरेटर फेल, मरीज बेहाल, करनाल के अस्पताल में मचा हड़कंप
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन, NEET में धांधली को लेकर धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला
- MP TOP NEWS TODAY: 12 जुलाई को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें
- एक हादसे ने बदल दी सोच : हेलमेट बना जिंदगी का भरोसेमंद साथी, इस शिक्षक ने सड़क सुरक्षा का दिया अनोखा संदेश, बिना हेलमेट कभी घर से नहीं निकलते
