शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित मध्य प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में लोकहित और प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट में लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी साझा की।
भोपाल-विदिशा फोरलेन और मेट्रोपॉलिटन सिटी का विकास
राजधानी भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कैबिनेट ने भोपाल से विदिशा के बीच फोरलेन सड़क निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ₹1,700 करोड़ से अधिक की लागत से पूरा किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन सुगम और तेज होगा।
सोयाबीन रिसर्च सेंटर के लिए भूमि आवंटित
प्रदेश में कृषि शोध को बढ़ावा देने के लिए सोयाबीन रिसर्च सेंटर की स्थापना हेतु इच्छावर में 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। ज्ञात हो कि राज्य सरकार इस पूरे वर्ष को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मना रही है।
दुग्ध उत्पादन में 20% वृद्धि का लक्ष्य और एविएशन का विस्तार
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से कार्य चल रहा है और इसे 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एविएशन सेक्टर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
सुरक्षा और वीरता पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी
प्रदेश की औद्योगिक सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए खंडवा में ‘औद्योगिक सुरक्षा बल’ के गठन का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार ने ‘रानी दुर्गावती पुरस्कार’ और ‘रानी अवंती बाई वीरता पुरस्कार’ की सम्मान राशि को बढ़ाकर ₹2 लाख कर दिया है।आगामी 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे की जांच के लिए समिति गठित
देवास में हुए दुखद पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट ने इसकी निष्पक्ष जांच के लिए एक एकल सदस्यीय टीम का गठन किया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


