पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद. छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर सुरक्षा बलों के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. घने जंगल में नक्सलियों के हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है. सर्च ऑपरेशन में एके-47, देशी बन्दूक, आईडी समेत कई सामान जब्त किया गया है. यह कार्रवाई सीआरपीएफ की 19वीं बटालियन की बम निरोधक दस्ता (BD) और डीवीएफ की संयुक्त टीम ने की है. नुआपाड़ा एसपी ने अमृत पाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है.

जानकारी के मुताबिक, जवानों की टीम ने मंगलवार को बोडेन थाना क्षेत्र के पटधारा रिजर्व फॉरेस्ट के बारपाट डोंगर के जंगल की ओर सर्चिंग अभियान में निकले थे. इस दौरान कुछ संदिग्ध नजर आने पर जांच की गई, तो नक्सलियों का डंप बरामद हुआ. इसमें विस्फोटक, आईईडी बनाने की सामग्री, हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामान रखा गया था. बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से टिफिन आईईडी को बाहर निकाला. 

नक्सल डंप से क्या-क्या मिला? 

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है. बरामद सामान में 2 देसी बंदूकें, 1 देसी कार्बाइन (मैगजीन सहित), AK-47 के 29 कारतूस, SLR के 54 कारतूस, 2 टिफिन आईईडी, 8 जिलेटिन स्टिक, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, डेटोनेटर, 12 वोल्ट बैटरी, माओवादी वर्दी, माओवादी साहित्य, खाना बनाने के बर्तन और एक मेडिकल किट शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली आईईडी तैयार करने, हथियारों के रखरखाव और जंगल में अपने ठिकानों के संचालन के लिए करते थे.

पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी नक्सलियों के बचे हुए नेटवर्क और बुनियादी ढांचे को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. नुआपाड़ा जिला पहले ही 31 मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य हासिल कर चुका है. इसके बाद सुरक्षा बल लगातार खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाकर नक्सलियों के बचे हुए ठिकानों और संसाधनों को नष्ट कर रहे हैं. पूरा सर्च ऑपरेशन बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. फिलहाल क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सैनिटाइजेशन अभियान जारी रहेगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H