कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जातिगत आरक्षण को समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और वर्षों से झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे गरीब परिवारों को स्थायी आवास देने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। एमएलबी कॉलेज के सामने तिरंगे के नीचे शुरू हुए इस प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

दरअसल ग्वालियर के एमएलबी कॉलेज के सामने फ्लैग पॉइंट पर एडवोकेट आशुतोष दुबे के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया।प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि देश में जातिगत आरक्षण की व्यवस्था खत्म कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों को समान अवसर मिल सकें। 

प्रदर्शनकारियों ने दूसरी प्रमुख मांग वर्षों से झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने की उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हाईकोर्ट के एडवोकेट आशुतोष दुबे का कहना है कि लंबे समय से झुग्गियों में रहने के बावजूद हजारों परिवार आज भी पक्के मकान से वंचित हैं। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। शहर के फ्लैग पॉइंट पर प्रदर्शनकारी तिरंगे के नीचे बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे और सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की।

प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता,तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m