दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साल 2020 के बेहद सनसनीखेज डकैती और हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव भगत को आखिरकार बिहार के पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है। 70 वर्षीय आरोपी पिछले 5 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था और अदालत उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, 17 मार्च 2020 को इवेंट मैनेजर सुरिंदर नंदा को एक बड़ी पार्टी बुकिंग के नाम पर फोन आया था। इसके बाद उनके मैनेजर कपिल चड्ढा को द्वारका भेजा गया। वहां मौजूद लोगों ने सुरिंदर को खुद आने के लिए कहा। रात करीब 8 बजे सुरिंदर द्वारका सेक्टर-23 पहुंचे, जहां एक मारुति कार उन्हें सुनसान इलाके के एक मकान तक ले गई।

मकान के अंदर सुरिंदर का पुराना सब्जी सप्लायर ब्रह्मदेव भगत अपने तीन साथियों के साथ मौजूद था। आरोप है कि आरोपियों ने सुरिंदर पर डंडों से हमला किया, फिर चाकू की नोक पर उनकी हीरे की अंगूठी और 27 हजार रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देकर 11 लाख रुपये के फर्जी सब्जी बिलों पर जबरन दस्तखत भी कराए गए। वारदात की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। पुलिस के अनुसार, ब्रह्मदेव भगत ने चाकू से सुरिंदर नंदा के दोनों अंगूठे काट दिए और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद तीन आरोपी- जितेंद्र, अमरदीप और गौतम – गिरफ्तार कर लिए गए थे, लेकिन मुख्य आरोपी ब्रह्मदेव लगातार फरार रहा। क्राइम ब्रांच की NDR टीम इंस्पेक्टर योगेश और इंस्पेक्टर विनोद यादव की अगुवाई में उसकी तलाश में जुटी हुई थी। 15 मई को पुलिस को सूचना मिली कि ब्रह्मदेव बिहार के पूर्णिया में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर 17 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जांच में सामने आया कि वारदात के बाद वह लगातार शहर बदल-बदलकर पुलिस से बचता रहा। पांचवीं तक पढ़ा ब्रह्मदेव पहले आजादपुर मंडी में सब्जियों का थोक कारोबारी था और फिलहाल पूर्णिया में किराना दुकान चला रहा था। डीसीपी क्राइम पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m