चंडीगढ़। हरियाणा में विभिन्न स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव एवं उपचुनाव के प्रचार का शोर शुक्रवार शाम को थम गया। अब प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं।
रविवार को सुबह 8 बजे से मतदान
राज्य में रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। ईवीएम में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग तथा सदस्यों के लिए सफेद रंग का मतपत्र होगा, जिस पर उम्मीदवार का फोटो भी अंकित रहेगा। मतदाताओं के पास ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ (NOTA) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
कई निकायों और पंचायतों में मुकाबला
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के मेयर पदों के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, धारूहेड़ा व उकलाना नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं।
इसके अलावा टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा की नगर परिषदों में वार्ड स्तर पर उपचुनाव होंगे। पंचायती राज संस्थाओं में हिसार और कैथल की कई ग्राम पंचायतों में भी आम चुनाव कराए जाएंगे।
प्रदेश में कुल 528 रिक्त सीटों पर पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद के उपचुनाव भी होंगे।
मतगणना और पुनर्मतदान की प्रक्रिया
स्थानीय निकायों के मतों की गिनती 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के परिणाम मतदान समाप्त होते ही घोषित किए जाएंगे। यदि आवश्यकता हुई तो 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा।
प्रमुख मुकाबले और आंकड़े
0 अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में मेयर पद के लिए कुल 18 प्रत्याशी मैदान में
0 रेवाड़ी नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवार
0 धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला नगर पालिकाओं में 26 प्रत्याशी अध्यक्ष पद की दौड़ में
0 कुल 601 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा
0 वार्ड सदस्य पदों के लिए अकेले 557 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रमुख राजनीतिक दलों की स्थिति
0 भाजपा सभी नगर निकायों में मेयर और अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रही है
0 कांग्रेस तीन नगर निगमों और कुछ नगर पालिकाओं में मैदान में है
0 इनेलो और आम आदमी पार्टी (आप) सीमित सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं
0 कई सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं
0 रेवाड़ी में सबसे ज्यादा प्रत्याशी
रेवाड़ी नगर परिषद में कुल 161 प्रत्याशी मैदान में हैं, जो सभी निकायों में सबसे अधिक हैं। इसके बाद सोनीपत और पंचकूला में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मेयर पद के प्रमुख उम्मीदवार
पंचकूला में भाजपा से शाम लाल बंसल, कांग्रेस से सुधा भारद्वाज और अन्य दलों से कई उम्मीदवार मैदान में हैं।
अंबाला में अक्षिता सैनी (भाजपा) और कुलविंदर कौर सैनी (कांग्रेस) के बीच सीधा मुकाबला है।
सोनीपत में भाजपा के राजीव जैन और कांग्रेस के कमल दिवान प्रमुख दावेदार हैं।
हरियाणा के इन चुनावों को स्थानीय सत्ता संतुलन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। रविवार को होने वाला मतदान और उसके बाद की गिनती से राज्य की राजनीतिक दिशा पर महत्वपूर्ण असर पड़ने की संभावना है।

