रायपुर। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए उपचार के साथ-साथ मानसिक मजबूती, अपनापन और सकारात्मक माहौल भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए Intas Foundation द्वारा संचालित “APNA GHAR” में रक्षाबंधन के अवसर पर कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों ने मिलकर सुंदर हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं।
राखी निर्माण की इस विशेष गतिविधि में मरीजों और caregivers ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से उन्होंने अपने हाथों से राखियां बनाईं। इस दौरान प्रतिभागियों के चेहरों पर रचनात्मकता की खुशी और त्योहार को लेकर उत्साह देखने को मिला।
यह गतिविधि केवल राखी बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उपचार की कठिन परिस्थितियों के बीच मरीजों और उनके परिजनों के लिए खुशियों और सकारात्मकता का एक भावनात्मक अवसर भी बनी। अपने हाथों से बनाई गई प्रत्येक राखी में प्रेम, रिश्तों की मजबूती और उम्मीद का संदेश दिखाई दिया।
“अपना घर” का उद्देश्य केवल कैंसर मरीजों को उपचार के दौरान रहने, भोजन और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि उन्हें एक ऐसा सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण देना भी है, जहां वे मानसिक रूप से मजबूत महसूस कर सकें। इसी सोच के तहत समय-समय पर मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए विभिन्न रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के बंधन का प्रतीक है। ऐसे में कैंसर मरीजों और caregivers द्वारा मिलकर बनाई गई इन राखियों ने इस पर्व के संदेश को और भी भावपूर्ण बना दिया। इन राखियों में सिर्फ रंग और सजावट नहीं, बल्कि संघर्ष के बीच मुस्कुराने, उम्मीद बनाए रखने और अपनों के साथ खड़े रहने का भाव भी जुड़ा हुआ है।
Intas Foundation के CSR कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर में संचालित “अपना घर” जरूरतमंद कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए नि:शुल्क आवास, भोजन, परिवहन तथा काउंसलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। संस्था का प्रयास है कि उपचार की कठिन यात्रा के दौरान मरीजों को केवल सुविधाएं ही नहीं, बल्कि भावनात्मक सहयोग और अपनापन भी मिले।
राखी निर्माण की यह पहल इसी मानवीय सोच की एक सुंदर मिसाल बनी, जहां कैंसर से लड़ रहे मरीजों ने अपने हाथों से उम्मीद, प्रेम और रिश्तों के धागे तैयार किए।
पता: अपना घर, U-4, जीवन विहार कॉलोनी, आकांक्षा स्कूल के पीछे, अवंति विहार, रायपुर (छत्तीसगढ़)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


