हकिमुददीन नासिर, महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मिनी ट्रक से 85 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है। साथ ही चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पढ़िए पूरी खबर
दरअसल, एनएच-353 पर बिरकोनी स्थित महाराजा ढाबा के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक मिनी ट्रक को रोका, जिसके अंदर से 170.75 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 85 लाख बताई जा रही है।

कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे मिला गांजा
गांजा को बड़े शातिर तरीके से मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखा था। इसी के साथ ही पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि ओडिशा के बौद्धगढ़ से गांजा लेकर फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने जा रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा मिनी ट्रक, एक स्वीफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


