भोपाल। राजधानी भोपाल में दबंगई और सड़क पर हुड़दंग का एक और मामला सामने आया है, जहां मामूली सी बात पर एक कार चालक ने बीच सड़क पर बाइक सवार युवक पर पिस्टल तान दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र में बाइक चला रहे शख्स को कार ने ठोकर मार दी। बाइक से उतरकर शख्स ने गुस्से में कार पर हाथ मार दिया। बस यही बात कार चालक को नागवार गुजारी। उसने आव देखा न ताव, अपनी जेब से पिस्टल निकाल कर बाइक सवार पर तान दी और उसे डराने लगा। 

पुलिस ने स्वतः दर्ज किया मामला

इस घटना के बाद पहले तो बाइक सवार ने पुलिस से अपनी शिकायत वापस ले ली थी, लेकिन जब इस सनसनीखेज वाकये का वीडियो सामने आया और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लिया और केस दर्ज कर लिया।

फिलहाल, टीटी नगर थाना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी कार चालक की तलाश में जुट गई है और उसकी पहचान की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m