दिल्ली के शाहदरा जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने वाहन चोरी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शातिर वाहन चोर शादाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई चार कारें बरामद की हैं, जिनमें तीन मारुति ब्रेजा और एक मारुति बलेनो शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शादाब (35) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय था। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि AATS टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कड़कड़ी मोड़ फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उस समय वह चोरी की ब्रेजा कार में घूम रहा था।

पूछताछ में शादाब ने खुलासा किया कि वह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से कुछ ही मिनटों में कारों को अनलॉक कर चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वह गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल देता और फिर उन्हें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में अपने साथियों के जरिए बेच देता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में डॉ. वाहिद, शमीम उर्फ पिल्ला और वसीम कुरैशी समेत कई अन्य लोग शामिल हैं, जो चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने का काम करते थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शादाब एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली, यूपी और हरियाणा में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 16 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। AATS की इस कार्रवाई को राजधानी में सक्रिय वाहन चोरी गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m