कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से मशहूर 21 साल की पलक रजक की संदिग्ध मौत मामले में मुरार थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से दम घुटना बताई गई है। वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुरार थाना पुलिस ने पति, देवर और सास के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है। 

शरीर पर नहीं मिले किसी तरह के अन्य चोट के निशान

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित सुरैयापुरा में रहने वाली सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। 12 मई की शाम पलक का शव उसके ससुराल स्थित घर में मिला था। महज 21 साल की उम्र में पलक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग यानी फांसी लगने से दम घुटना बताई गई है। रिपोर्ट में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या प्रताड़ना के निशान नहीं मिले हैं। लेकिन सोनम के माता पिता भाई आरोप लगा चुके है कि पलक ने आत्महत्या नहीं की,बल्कि उसकी हत्या की गई है। पलक के पिता राधेश्याम रजक और भाई प्रिंस रजक ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही पलक को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि ससुराल वाले कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। सास और देवर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे,जबकि पति अमित ने कभी उसका साथ नहीं दिया।

READ MORE: Special Story: हैंगिंग या सुनियोजित हत्या ? ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ पलक की मौत का क्या है राज, प्रोफाइल से मिले रील्स किस ओर कर रहे इशारा

मौत से 20 मिनट पहले पिता को किया था फोन

परिजनों के मुताबिक मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन कर अपनी पीड़ा बताई थी। भाई प्रिंस उसे लेने जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पलक की मौत की खबर आ गई। पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और इंस्टाग्राम पर उसकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। पुलिस को उसकी प्रोफाइल से कई ऐसी रील्स मिली हैं जो मानसिक तनाव की ओर इशारा करती हैं। 10 मई को पोस्ट की गई एक रील में पलक ने Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। वहीं 24 अप्रैल को मैरिज एनिवर्सरी पर पोस्ट की गई रील में भी उसने दर्द और टूटती जिंदगी के भाव जाहिर किए थे। अब पुलिस इन सोशल मीडिया पोस्ट्स को तकनीकी साक्ष्य मानकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी की हुई पुष्टि

मामले में CSP अतुल सोनी का कहना है कि शुरुआती तौर पर मर्ग कायम किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आरोपों के आधार पर अब पति अमित, देवर आकाश और सास मीरा देवी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। सोशल मीडिया एक्टिविटी और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल FIR तो दर्ज हो गयी है,लेकिन पलक रजक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है,इसका जवाब पुलिस की पूरी जांच के बाद ही सामने आएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m