न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी क्षेत्र में युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जिला जेल भेज दिया गया है।
शादी के लिए युवती का अपहरण
थाना प्रभारी अमर वर्मा ने बताया कि पीड़िता को जयप्रकाश राठौर ने जबरन कार में बैठाकर विवाह के उद्देश्य से अपहरण कर लिया। पीड़िता शहडोल पैरामेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम से जयप्रकाश (निवासी चोरभठी) से हुई थी। जयप्रकाश ने उससे विवाह की इच्छा जताई थी, लेकिन पीड़िता ने कहा था कि वह अपने माता-पिता की इच्छा से ही विवाह करेगी। शुक्रवार की दोपहर वह सहेली के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी जयप्रकाश ने जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। वाहन में चालक व एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया
सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन का पीछा किया। इसी दौरान जयप्रकाश पिपरिया में पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पीड़िता के भाई और मामा पहुंचे और उसे सुरक्षित वापस ले आए। पुलिस ने अपहरण में शामिल जयप्रकाश राठौर, पुत्र ललन, शुभम राठौर, पुत्र दुलारे, निवासी बेला एवं सागर पटेल, पुत्र संतोष, निवासी मौहरी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक अमर वर्मा, उप निरीक्षक अमर लाल यादव, उप निरीक्षक जे.पी.एच. तिर्की, सहायक उप निरीक्षक विनोद विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक राजकुमार मार्को, प्रधान आरक्षक संतोष जायसवाल, प्रधान आरक्षक विजयानंद पाण्डे, प्रधान आरक्षक श्रीश्याम शुक्ला, आरक्षक मनीष सिंह तोमर तथा आरक्षक विजय प्रताप सिंह की भूमिका रही।

